बिहार से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक ललन पासवान (Lalan Paswan) ने हिंदू देवी-देवताओं के बारे में अजीबोगरीब बयान देकर विवाद खड़ा कर दिया है। पासवान, जो भागलपुर जिले के पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं, ने हिंदू मान्यताओं पर सवाल उठाए और अपने रुख को साबित करने के लिए सबूतों के साथ तर्क दिया। उन्होंने दिवाली पर लक्ष्मी पूजा पर सवाल उठाए।
पासवान ने कहा, “अगर हमें केवल देवी लक्ष्मी की पूजा करने से धन मिलता है, तो मुसलमानों में अरबपति और खरबपति नहीं होते। मुसलमान देवी लक्ष्मी की पूजा नहीं करते, क्या वे अमीर नहीं हैं? मुसलमान सरस्वती की पूजा नहीं करते। क्या मुसलमानों में कोई विद्वान नहीं है ? क्या वे आईएएस या आईपीएस नहीं बनते ? इस भाजपा नेता ने कहा कि सब कुछ लोगों का विश्वास है। उन्होंने कहा कि “आत्मा और परमात्मा” का मामला सिर्फ लोगों की मान्यता है।
उन्होंने आगे कहा, “अगर आप मानते हैं तो यह देवी है और यदि नहीं तो यह सिर्फ एक पत्थर की मूर्ति है। यह हम पर निर्भर करता है कि हम देवी-देवताओं को मानते हैं या नहीं। किसी तार्किक निष्कर्ष पर पहुंचने के लिए हमें वैज्ञानिक आधार पर सोचना होगा। अगर आप विश्वास करना बंद कर देंगे तो आपकी बौद्धिक क्षमता बढ़ेगी। ऐसा माना जाता है कि बजरंगबली शक्ति वाले देवता हैं और शक्ति प्रदान करते हैं। मुसलमान या ईसाई बजरंगबली की पूजा नहीं करते हैं। क्या वे शक्तिशाली नहीं हैं? जिस दिन आप विश्वास करना बंद कर देंगे, ये सब चीजें खत्म हो जाएंगी।”
पासवान के इस बयान से खलबली मच गई है। लोगों ने भागलपुर के शेरमारी बाजार में विरोध प्रदर्शन किया और भाजपा विधायक का पुतला फूंका। विधायक के बयान के बाद लोग आक्रोशित हो गए और विधायक पर हिंदुओं की धार्मिक भावना पर आघात करने का आरोप लगाया। इससे पहले, पासवान तब सामने आए थें जब उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू यादव के साथ एक निजी बातचीत को कथित तौर पर लीक कर दिया था।