tejashwi-yadav

बिहार के सबसे बड़े अस्पताल पीएमसीएच में अचानक दौरा करने के बाद अस्पताल प्रशासन को चौकाने वाले बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव एक बार फिर अस्पताल के दौरे पर पहुँच गए। लेकिन इस बार बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव राजधानी पटना के एनएमसीएच अस्पताल पहुंचे। गुरुवार की रात तेजस्वी यादव पटना के एनएमसीएच अस्पताल पहुंचे।

उन्होंने इस दौरान डेंगू वार्ड का निरीक्षण किया। और साथ ही लोगों ने उनसे अपनी आपबीती बताई। लोगों ने उनसे कहा कि नर्स दरवाजा बंद कर के सो जाती हैं। कहती हैं डिस्टर्ब नहीं करना। दवा बाहर से ला रहे हैं। पानी तक खरीदकर पीना पड़ता है। लोगों की आपबीती सुनने के बाद तेजस्वी यादव ने उन्हें सांत्वना देते हुए कहा कि व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएंगी, सुधार करेंगे और जो गलत करेगा उसे सजा भी मिलेगी।

उन्होंने डेंगू और सामान्य मरीजों को एक साथ भर्ती करने पर आपत्ति जताई। तेजस्वी यादव ने कहा कि इसके लिए अलग व्यवस्था करें। इस पर अधीक्षक डाॅ. विनोद कुमार सिंह ने कहा कि डेंगू के मरीजों को एमसीएच भवन में शिफ्ट करा दिया जाएगा।

साथ ही लोगों की शिकायत को सुनने के बाद तेजस्वी ने अस्पताल अधीक्षक से पूछा-ऐसा क्यों होता है? उन्होंने कहा कि मरीजों से शिकायत मिली है कि डॉक्टर और नर्सों का व्यवहार ठीक नहीं रहता है। साथ में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत मौजूद थे।

आपको बता दें कि तेजस्वी यादव ने करीब 50 मिनट तक एनएमसीएच के वार्डों का निरीक्षण किया। इस बीच वहां इलाज करा रहे कई मरीजों के परिजनों ने अपनी-अपनी समस्याएं उपमुख्यमंत्री को बताई तेजस्वी ने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों को हो रही समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया।

तेजस्वी यादव ने कहा कि वहां की समस्याओं को जल्द ही निदान करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत को इसके लिए कई निर्देश दिए हैं। अस्पताल की व्यवस्था, साफ सफाई और मरीजों को मिलने वाली दवा के साथ-साथ सुविधाओं के संबंध में भी विस्तृत जानकारी ली। ​​​​

इधर, गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग और नगर विकास के अधिकारियों के साथ उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बैठक की थी। पटना जिले में डेंगू मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आपको बता दें कि जिला प्रशासन ने परेशान मरीजाें की मदद के लिए सिविल सर्जन कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया है। बता दें कि पटना के अस्पतालों और लैब में हुई जांच में 406 पाॅजिटिव मिले। इनमें 166 मरीज पटना के हैं। पटना में अबतक 2528 लाेग पीड़ित हाे चुके हैं। इनमें 1563 पुरुष और 779 महिलाएं हैं।

Join Telegram

Join Whatsapp