पिछले दिनों बिहार के मुजफ्फरपुर शहर में स्टेशन के पास जमे बारिश के पानी में बिजली के करंट लगने से एक युवक की जान चली गयी और ये घटना उसके माता पिता के आँखों के सामने हुआ था। यह घटना मुजफ्फरपुर के स्मार्ट सिटी परियोजना पर एक बड़ा सवाल उठा रहा था। और अब फिर से ऐसी ही घटना सामने आई है, जो फिर से मुजफ्फरपुर के स्मार्ट सिटी परियोजना पर सवाल खड़ा कर रहा है। CCTV में कैद हुए इस घटना में एक चाय पीते युवक को मिक्सिंग गाड़ी ने रौंद डाला।
स्मार्ट सिटी की लिस्ट में शामिल होने के बाद से बिहार के मुजफ्फरपुर के शहरी इलाके में जोर-शोर से निर्माण का कार्य चल रहा है। लेकिन बारिश के मौसम में सिटी को स्मार्ट बनाने से पहले कबाड़ बना दिया गया है। पूरे शहर में एक साथ खुदाई कर दिए जाने से लोग परेशान हैं। साथ ही, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के निर्माण के तहत एजेंसी की लापरवाही की वजह से अब तक 3 लोगों की जान जा चुकी है।
ताजा मामला शहर के ब्रह्मपुरा थाना इलाके का है जहां जुरन छपरा में निर्माण एजेंसी की मिक्सिंग गाड़ी ने चाय पी रहे युवक को रौंद दिया। युवक की पहचान 22 वर्षीय विकी कुमार के रूप में हुई। विकी जुरन छपरा रोड नंबर 4 के निवासी लखेंद्र शाह का पुत्र बताया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विक्की अपने घर से निकलकर मेन रोड के पास स्टॉल पर अपने दोस्तों के साथ चाय पी रहा था। इसी दौरान स्मार्ट सिटी के निर्माण एजेंसी की एक अनियंत्रित मिक्सिंग गाड़ी ने उसे रौंद दिया। विकी को रौंदने के बाद मिक्सिंग गाड़ी ने एक एंबुलेंस में ठोकर मारी। गाड़ी का ड्राइवर कुछ दूरी पर गाड़ी खड़ी कर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर लिया है।











































