बिहार के मुजफ्फरपुर से नगर निगम की लापरवाही की बड़ी खबर सामने आई है। जहां इस लापरवाही के कारण एक युवक की जान चली गयी है। मिल रही जानकारी के अनुसार दरभंगा के रहने वाले कैलाश यादव और उनकी पत्नी शुभकला देवी दिल्ली में रहते हैं। सोमवार को दोनों अपने बेटे रोहित के साथ मुजफ्फरपुर आए थे। वहां से दरभंगा जाने के लिए बस स्टैंड जा रहे थे। तभी 22 वर्षीय रोहित, बिजली के पोल से पानी में फैले करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।
आपको बता दें बीती रात से सुबह तक हुई जोरदार बारिश की वजह से मुजफ्फरपुर में जलजमाव है। स्टेशन रोड में काफी पानी भरा हुआ है। रोहित अपने माता पिता के साथ चल रहा था। कैलाश यादव और शुभकला देवी किनारे से निकल रहे थे जबकि रोहित सड़क के बीचो-बीच जा रहा था। अचानक बिजली के पोल के पास पहुंचकर रोहित छटपटा कर गिर पड़ा। इस दौरान उसके माता-पिता ने उसे बचाने की पूरी कोशिश करने लगे। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद भी उन्हें कामयाबी नहीं मिली और उन्होंने अपने आँख के तारे को खो दिया।
मृतक ने अपने माता-पिता के सामने ही छटपटाते हुए अपना दम तोड़ दिया। यह घटना मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड की है। मौत के मुंह से बेटे को निकालने के लिए माता पिता की कोशिश का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। माता पिता की कोशिश का ये वीडियो दिल दलहन वाला है। जिसमें साफ़ देखा जा सकता है कि, रोहित के पिता और माँ कैसे बांस के टुकड़े से उसे बचाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन रोहित को बिजली की चपेट मसे नहीं बचाया जा सका। बेटे को बचाने में माता-पिता को भी करंट लगा। लेकिन वह बाल बाल बच गए।
वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे मां ने साहस दिखाते हुए बेटे का कपड़ा पकड़कर उसे बाहर निकाला और स्थानीय लोगों की मदद से उसे सदर अस्पताल ले जाया गया। लेकिन अस्पताल पहुँचते ही सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।