बिहार में विधान परिषद की 24 सीटों के लिए होने वाले MLC चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जनता दल यूनाइटेड (JDU) में सहमती बन गयी है। जिसके अनुसार भाजपा 13 और जदयू 11 सीटों पर अपने-अपने उम्मीदवार खड़े करेंगे। भाजपा अपने हिस्से की एक सीट लोक जनशक्ति पार्टी (पारस) गुट को देगी।
शनिवार की दोपहर इसी सिलसिले में भाजपा के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की थी। इसके बाद ही दोनों दलों के बीच इस फॉर्मूले पर आखिरी सहमति बन गई।
शनिवार को राजधानी पटना के निजी होटल में जेडीयू और बीजेपी नेताओं की साझा प्रेस कांफ्रेंस हुई। इस प्रेस वार्ता में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और बीजेपी सांसद संजय जायसवाल, जेडीयू की ओर से शिक्षा मंत्री विजय चौधरी और केंद्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा मौजूद थे।
मंत्री विजय चौधरी ने ऐलान किया कि बीजेपी रोहतास, औरंगाबाद, सारण, सीवान, दरभंगा, किशनगंज, कटिहार, सहरसा,, गोपालगंज, बेगूसराय, वैशाली (RLJP), पूर्वी चंपारण और समस्तीपुर सीट से चुनाव लड़ेगी।
JDU पटना, भोजपुर, गया, नालंदा, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, भागलपुर, मुंगेर, नवादा और मधुबनी से लड़ेगी।