भाजपा (BJP) नेता बिप्लब कुमार देब (Biplab Kumar Deb) के त्रिपुरा के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष माणिक साहा (Manik Saha) ने राज्य के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। वह राज्य के 11वें मुख्यमंत्री बने हैं। सीएम बनने के बाद उन्होंने कहा, ”हम पीएम मोदी और बीजेपी के विकास के मुद्दे को लेकर आगे बढ़ेंगे। हम त्रिपुरा के लोगों के मुद्दों को हल करने के साथ-साथ राज्य में कानून-व्यवस्था को भी बढ़ाएंगे। हमारे लिए कोई राजनीतिक चुनौती नहीं है।”
बता दें कि देब के इस्तीफे के कुछ घंटे बाद 69 वर्षीय डॉ साहा को भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में नामित किया गया था। साहा जिन्हें भाजपा ने त्रिपुरा के नए मुख्यमंत्री के रूप में चुना है वह राज्यसभा से पार्टी के सांसद भी हैं। साहा कांग्रेस छोड़कर 2016 में भाजपा में शामिल हो गए थे। भाजपा में आने के बाद माणिक को चार साल बाद 2020 में प्रदेश पार्टी अध्यक्ष बनाया गया। वह त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भी बने। साहा को हाल ही में राज्यसभा के लिए नामांकित किया गया था और अब उन्हें नए सीएम के रूप में घोषित किया गया है। माणिक साहा पेशे से डेंटिस्ट हैं और उनकी छवि बेहद साफ-सुथरी मानी जाती है। माणिक को भाजपा में किसी खेमे का नहीं माना जाता है।
देब ने राज्य में तेजी से बढ़ते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच अपने पद से इस्तीफा दिया। उन्होंने राज्य के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य को अपना इस्तीफा सौंपा। देब ने कहा, “पार्टी सबसे ऊपर है। मैं भाजपा का निष्ठावान कार्यकर्ता हूं। मुझे लगता है कि जो जिम्मेदारी दी गई, उसके साथ मैंने न्याय किया फिर चाहे राज्य भाजपा इकाई के अध्यक्ष का पद हो या त्रिपुरा के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी। मैंने त्रिपुरा के संपूर्ण विकास के लिए कार्य किया और सुनिश्चित किया कि राज्य के लोगों के लिए शांति हो।”