उत्तर पूर्वी राज्य नागालैंड ने इतिहास रच दिया है। दरअसल, नागालैंड असेंबली (Nagaland Assembly) देश की पहली पेपरलेस विधानसभा बन गई है। नागालैंड ने पूरी तरह से कागज रहित होने के लिए नेशनल ई-विधान एप्लिकेशन (NeVA) कार्यक्रम को लागू करने वाली पूरे देश में पहली राज्य विधानसभा बन गयी है। नगालैंड विधानसभा सचिवालय ने चल रहे बजट सत्र के बीच 60 सदस्यों की विधानसभा में प्रत्येक टेबल पर एक टैबलेट या ई-बुक अटैच की है।
केंद्रीय संसदीय मंत्री प्रहलाद जोशी (Pralhad Joshi) ने ट्वीट करते हुए लिखा, “राष्ट्रीय ई-विधान परियोजना को सफलतापूर्वक लागू करने वाली नागालैंड भारत की पहली विधानसभा बन गई है। अब सदस्य सदन की कार्यवाही में भाग लेने के लिए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग कर सकते हैं। यह पहल कागज रहित संचालन को प्रोत्साहित करती है और अष्ट लक्ष्मी के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”
आधिकारिक नोट के अनुसार, NeVA, NIC क्लाउड, मेघराज पर तैनात एक कार्य-प्रवाह प्रणाली है जो सदन के अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से संचालित करने और सदन के विधायी कार्य को पेपरलेस तरीके से संचालित करने में मदद करती है। NeVA एक डिवाइस न्यूट्रल और सदस्य-केंद्रित एप्लिकेशन है जिसे सदस्य संपर्क विवरण, प्रक्रिया के नियम, व्यवसाय की सूची, नोटिस, बुलेटिन, बिल, तारांकित / अतारांकित प्रश्न और उत्तर के बारे में पूरी जानकारी डालकर उन्हें विविध हाउस बिजनेस को स्मार्ट तरीके से संभालने के लिए तैयार किया गया है। यह एप्लिकेशन सदन के प्रत्येक सदस्य के लिए प्रश्न और अन्य नोटिस जमा करने के लिए एक सुरक्षित पेज होस्ट करता है।