PASUPATI P[ARAS
PASUPATI P[ARAS

चिराग पासवान को बेदखल कर चाचा पशुपति कुमार पारस लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष चुन लिये गए हैं। गुरुवार को बुलाई गई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में उनके निर्वाचन पर मुहर लगा दी गई। पूर्व सांसद सूरजभान सिंह के निजी आवास पर बैठक का आयोजन हुआ। इससे पहले पशुपति पारस ने अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। उनके साथ चंदन, वीना और कैसर जैसे नेता नजर आए लेकिन प्रिंस राज नहीं पहुंचे। तीन बजे तक किसी अन्य का नामांकन नहीं होने से पशुपति पारस अध्यक्ष बन गए।

पशुपति पारस इससे पहले पार्टी के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष बने। उसके बाद गुरुवार को पशुपति पारस गुट के लोगों ने उन्हें पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष भी नियुक्त कर दिया। बैठक में पार्टी के चार सांसदों और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों ने हिस्सा लिया। लोजपा सांसद पशुपति पारस, सांसद महबूब अली कैसर, सांसद वीना देवी, चंदन सिंह मौजूद रहे। पारस के अध्यक्ष निर्वाचित होने की औपचारिक घोषणा शाम पांच बजे होगी। इस दौरान एक प्रेस कांफ्रेंस भी होनी है।