सूबे में लाउडस्पीकर को लेकर चर्चा जोरो पर है। लेकिन इसी बिच बिहार की राजधानी पटना में आपसी सौहार्द और भाईचारे का एक उदाहरण देखने को मिला। पटना के हनुमान मंदिर ने अजान के दौरान अपने लाउडस्पीकर बंद किए। मस्जिद और मंदिर के बीच की दूरी 50 मीटर है। वहीं एक-दूसरे के प्रति सम्मान दर्शाते हुए मस्जिद ने मंदिर में आने वाले भक्तों का ख्याल रखा।
इधर बीजेपी बिहार में यूपी की तरह लाउडस्पीकर हटाने की मांग कर रही है। नीतीश सरकार में मंत्री जनक राम ने मस्जिदों में लगे लाउडस्पीकर पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने मस्जिद से लाउडस्पीकर के जरिए आने वाली तेज अजान पर रोक लगाने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि जब होली, दिवाली पर डीजे और तेज गति वाले वाहन पर रोक लग सकती है तो मस्जिदों के लाउडस्पीकर से तेज आवाज में आने वाली अजान पर भी रोक लगाई जानी चाहिए।
हालांकि सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की राय इससे बिलकुल उलट है। उनका कहना है कि हमारे विचार से सभी वाकिफ हैं। हम कभी किसी भी धर्म में किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं करते हैं।











































