बिहार में जहरीली शराब से छपरा, नालंदा समेत कई जिलों में लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार इसको लेकर विपक्ष सवाल भी खड़े करता रहा है। इधर, JDU के विधायक गोपाल मंडल (Gopal Mandal) ने अजीबोगरीब बयान दिया है। गोपाल मंडल अक्सर चर्चा में रहते हैं। कभी ट्रेन में अंडरवियर में घूमने के चलते तो कभी किसी और वजह से।
अब उन्होंने बिहार में जहरीली शराब के शिकार हुए लोगो के बारे में जो कहा है उसे लेकर सोशल मिडिया पर उनकी जमकर आलोचना हो रही है। गोपाल मंडल ने कहा, ‘बॉर्डर सील कर दिए गए हैं इसलिए कम शराब आ रही है। खेत के रास्ते शराब लाई जाती है। ऐसे में बनाई हुई शराब पीएगा कोई तो मरेगा ही।’
उन्होंने यहां तक कह डाला कि लोग मर रहे हैं तो जगह भी तो खाली होनी चाहिए। अगर ऐसे ही मरते रहेंगे तो जनसंख्या भी घटेगी। उन्होंने कहा, ‘जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बोल रहे हैं, मना कर रहे हैं तो फिर आप दारू क्यों पीते हैं? नीतीश कुमार ने पहले ही कहा है कि पीयोगे तो मरोगे। लोग पीते क्यों हैं, मरने ही के लिए, जगह भी तो खाली होनी चाहिए। अगर ऐसे ही मरते रहेंगे तो जनसंख्या घटेगी। गरीब आदमी के लिए ही शराब बंद की गई, ऐसे में बनाई हुई शराब पीएगा कोई तो मरेगा ही।
गोपाल मंडल ने कहा कि बिहार में पांच साल तक सरकार चलेगी. मुकेश सहनी भाग कर कहां जाएंगे? अभी उन्हें जो सम्मान मिल रहा है वो भी नहीं मिलेगा। मुकेश सहनी को एमएलसी की सीट क्यों दी जाएगी? मंत्री बना दिया गया काफी है। उनके जितने भी कैंडिडेट थे सभी भारतीय जनता पार्टी के थे। वो निकल जाएं दल से, उनका हीरोपनी खत्म हो जाएगा।
![]()










































