यूपी बिहार में RRB-NTPC के अभियर्थियों के द्वारा किया जा रहा आंदोलन हर दिन और उग्र हो रहा है। परीक्षा में धांधली को लेकर छात्रों का गुस्सा थमता नहीं रहा है। अब छात्रों ने शुक्रवार, 28 जनवरी को बिहार बंद का आह्वान किया है। छात्रों द्वारा इस बंद को राजद समेत महागठबंधन के सभी दलों ने समर्थन देने का ऐलान भी कर दिया है।
महागठबंधन की ओर से 27 जनवरी को संयुक्त रूप से RJD के प्रदेश कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर बंद का समर्थन देने की घोषणा कर दी गयी है। RJD के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह की अध्यक्षता में महागठबंधन के सभी दल के नेता प्रेस कान्फ्रेंस में शामिल हुए। इनमें कांग्रेस, भाकपा, माकपा, भाकपा माले के नेता प्रमुख है।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान महागठबंधन के नेताओ ने छात्रों की मांगों को जायज बताया और उन मांगों पर त्वरित निर्णय लेने की मांग की। RJD प्रदेश अध्यक्ष ने रेलवे को कमजोर करने और उसे निजीकरण की ओर धकेलने का भी आरोप लगाया। और कहा कि हिंसा की ओर छात्रों को जाने पर मजबूर ना किया जाए। 2 करोड़ 42 लाख छात्रों के भविष्य का सवाल है।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर छात्रों को समझाने की कोशिश की और मामले की जांच का आश्वासन भी दिया। जिसके तहत एक कमेटी भी बनाने का ऐलान किया गया है। लेकिन छात्रों का आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा है।











































