शादी एक ऐसा समारोह है, जो शायद कभी खत्म नहीं हो सकता। लेकिन इसमें एक से बढ़कर एक नए नए एक्सपेरिमेंट होते रहते हैं। कुछ सफल होते हैं, तो कुछ आइडिया तो सरेआम मिट्टी पलीद ही कर देते हैं। हर कोई अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए तमाम जतन करता है। हमने राउंड टेबल से JCB तक जयमाला होते देखा है।
दूल्हे को घोड़ी से लेकर हेलीकॉप्टर तक चढ़ते देखा है। लेकिन बगहा में दूल्हे की एक कार इन दिनों चर्चा में है। नैनो कार को 2 लाख रुपए में ‘हेलीकॉप्टर’ का रूप दिया जा रहा है। अब इसी हेलीकॉप्टर रूपी कार से दूल्हे अपनी दुल्हन को घर लाएंगे। खास बात है कि इस कार को अब तक 19 लोगों ने बुक भी कर लिया है।
बगहा के रहने वाले गाड़ी मिस्त्री गुड्डू शर्मा ने नैनो कार को ही हेलीकॉप्टर बना दिया है। इसका इस्तेमाल दूल्हे राजा अपनी बारात ले जाने में कर सकेंगे। लेकिन इसमें एक ट्विस्ट है, वो यह कि ये हेलीकॉप्टर आसमान की ऊंचाइयों की जगह सड़कों पर दौड़ेगा। डिजिटल इंडिया के दौर में यह अविष्कार आत्मनिर्भर भारत का जीता जागता उदाहरण है। इसको बनाने वाले गुड्डू शर्मा का कहना है कि इस तरह के हेलीकॉप्टर बनाने में डेढ़ लाख रुपये का खर्च है, वहीं, इसको हाईटेक आकार देने में दो लाख से ज्यादा का खर्च आएगा। इसका किराया 15 हजार रुपये है।











































