राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) और जदयू के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद बशिष्ठ नारायण सिंह द्वारा लंबे समय से दही-चूड़ा भोज का आयोजन होता रहा है। लेकिन इस बार कोरोना के कहर को देखते हुए यह भोज स्थगित हो गया है। यह सियासी दही-चूड़ा इस बार न कोई खिला सकेगा और न खा सकेगा।
हर बार यह कार्यक्रम लालू अपने सरकारी आवास में ही आयोजित करते रहे थे और जदयू का आयोजन पहले पटना क्लब में होता था। बाद में हार्डिंग रोड स्थित बशिष्ठ बाबू के सरकारी आवास पर होने लगा था। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा से जब इस वर्ष इस आयोजन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि फिलहाल इसे टाल दिया गया है।
कांग्रेस द्वारा भी कुछ वर्षों से चूड़ा-दही भोज का आयोजन सदाकत आश्रम में कराया जाता रहा है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा शुक्रवार को कोरोना पाजिटिव हो गए। ऐसे में सदाकत आश्रम में भी सात दिन बाद यह आयोजन नहीं होगा।