उत्तर प्रदेश के खेलकूद राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और विधान सभा चुनाव (Assembly Elections) में फेफना क्षेत्र से भाजपा (BJP) के उम्मीदवार उपेंद्र तिवारी, बलिया कलेक्ट्रेट में नॉमिनेशन के लिए दौड़ लगाते नजर आए।
दरअसल, उपेंद्र तिवारी फेफना विधानसभा से बीजेपी प्रत्याशी के रूप में नामांकन करने के लिए बलिया कलेक्ट्रेट आ रहे थे पर रास्ते मे कार्यकर्ताओ द्वारा जगह जगह स्वागत होने की वजह से समय से नामांकन स्थल पर पहुंचने में देर होने लगी। नामांकन का समय समाप्त होने में चंद मिनट ही बचे थे, जिसके बाद मंत्री जी ने दौड़ लगाकर उस समय को पूरा किया और नामांकन स्थल पर पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया।
नामांकन दोपहर तीन बजे तक होना था। न्यूज एजेंसी एएनआई ने इसका वीडियो जारी किया है, जिसमें देखा जा सकता है कि कई मालाएं पहनकर खेल मंत्री कलेक्ट्रेट में दौड़ लगा रहे हैं। ताकि, वह समय पर पहुंचकर नामांकन दाखिल कर सकें। उनके साथ उनके समर्थक भी दौड़ लगा रहे हैं।
बलिया में छठे चरण में 3 मार्च को मतदान होना है। उपेंद्र तिवारी फेफना विधानसभा से विधायक हैं। फेफना विधानसभा को पहले कोपाचीट विधानसभा के नाम से जाना जाता था। ये सपा के संस्थापक सदस्य रहे अंबिका चौधरी की सीट मानी जाती है। लेकिन बीते दो चुनावों से यह सीट भाजपा के पास है। बलिया जिले की फेफना सीट जो 2017 के मोदी लहर में भाजपा के खाते में गई। हालांकि 2012 में भी सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी। उत्तर प्रदेश की सियासत में फेफना विधानसभा की दखलंदाजी लंबे अरसे से रही है।