जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे (Shinzo Abe) के निधन के सम्मान में देश में घोषित दिन भर के राजकीय शोक के उपलक्ष्य में लाल किला, राष्ट्रपति भवन और संसद भवन में राष्ट्रीय तिरंगा आधा झुका रहा। आबे को पश्चिमी जापान के नारा शहर में गोली मार दी गई थी जब वह एक प्रचार में भाषण दे रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने आबे के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने भारत के दोस्त शिंजो आबे के सम्मान के प्रतीक के रूप में, आज एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, जापानी पुलिस ने नारा शहर के रहने वाले 41 वर्षीय तेत्सुया यामागामी (Tetsuya Yamagami) के रूप में पहचाने जाने वाले एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। जापान में संसद के ऊपरी सदन के लिए रविवार को होने वाले चुनाव से पहले एक बंदूक जो हाथ से बनाई गई थी, उस जगह से बरामद की गई जहां अबे एक उम्मीदवार के लिए प्रचार कर रहे थे। हमले के बाद, आबे को अस्पताल ले जाया गया जहाँ उनकी स्थिति को “कार्डियोपल्मोनरी अरेस्ट” के रूप में वर्णित किया गया और फिर उनकी स्थिति बिगड़ती ही चली गयी।
आबे, जो जापान के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री थे, ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए पद छोड़ दिया। वह 2006-07 और फिर 2012-20 तक दो बार जापान के प्रधानमंत्री रहे। जब वे पद पर थे, तब वे रक्षा और विदेश नीति पर अपनी कठोर नीतियों के लिए जाने जाते थे। उनकी जगह पहले योशीहिदे सुगा (Yoshihide Suga) और बाद में फुमियो किशिदा (Fumio Kishida) ने ली।