Home Bihar दुर्गा पूजा को लेकर बिहार के जिलों में हाई अलर्ट, पटना में...

दुर्गा पूजा को लेकर बिहार के जिलों में हाई अलर्ट, पटना में 230 मजिस्ट्रेट की तैनाती

पूरे बिहार में दुर्गा पूजा की धूम मची हुई है। कोरोना महामारी के कारण बिहार सहित देशभर में किसी भी पूजा या किसी भी तरह का आयोजन 2 सालों से सही तरीके से नहीं हो रहा था। लेकिन इस बार देश सहित बिहार में दुर्गा पूजा का आयोजन भव्य तरीके से हो रहा है। बड़े-बड़े पंडालों के साथ-साथ दुर्गा मां के दर्शन करने आने वाले भक्तजनों के लिए पंडाल अध्यक्ष सहित प्रशासन उनकी सुरक्षा को लेकर चाक चौकस नजर आ रहे हैं।

पूरे 2 साल बाद देशभर में भव्य तरीके से दुर्गा पंडालों का आयोजन हो रहा है। जिसमें लाखों-करोड़ों लोग माता के दर्शन करने के लिए पंडालों में आएंगे। जिसके लिए प्रशासन काफी सतर्क नजर आ रही है। राजधानी पटना में दुर्गा पूजा और दशहरा के मौके पर सुरक्षा में कोई चूक ना आए इसके लिए पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किया है।

पूरे शहर के चप्पे-चप्पे पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। पटना के डीएम डॉक्टर चंद्रशेखर सिंह ने शहर की सुरक्षा को देखते हुए 230 जगहों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की है। वही पटना जिले में सुरक्षा की दृष्टि से 509 जगहों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही जिला नियंत्रण कक्ष से शहर के अलग-अलग हिस्सों पर निगरानी भी रखी जाएगी।

रविवार, 2 अक्टूबर से ही सभी मजिस्ट्रेट अपने अपने कार्य स्थल पर तैनात हो जायेंगे। शहर में सबसे अधिक डाक बंगला चौराहे पर भीड़ होने की संभावना जताई गई है। इसीलिए वहां रविवार से ही अस्थाई नियंत्रण कक्ष का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। यहां मजिस्ट्रेट के साथ ही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती भी रहेगी। जिसमें अधिकांश ईडीएम स्तर के अधिकारी रहेंगे।

इसके साथ ही हेल्थ डेस्क भी बनाया गया है। और डाक बंगला चौराहे पर दो एंबुलेंस के अलावा मेडिकल टीम की भी तैनाती रहेगी। इधर जिला प्रशासन ने पीएमसीएच, आईजीआईएमएस और एनएमसीएच में 10-10 इमरजेंसी में सुरक्षित रखने के निर्देश जारी किए हैं। बाकी सभी अस्पतालों को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। डाक बंगला के अलावा पटना के आयकर गोलंबर, पटना रेलवे जंक्शन, गांधी मैदान, राजा बाजार, कंकड़बाग, बोरिंग रोड चौराहा सहित कई इलाकों में भी मेडिकल टीम तैनात की जाएगी।

वहीं आपको बता दें कि दशहरा के दिन गांधी मैदान में रावण वध कार्यक्रम में 53 CCTV कैमरों से निगरानी की जाएगी। गांधी मैदान में इस बार 8 वॉच टावर स्थापित किए गए हैं। इन वॉच टावर पर पुलिस एवं सिविल डिफरेंस के कर्मचारी तैनात किए जाएंगे।

Exit mobile version