Home Bihar Bihar MLC Election: विधान परिषद के इन सीटों पर बीजेपी का दावा

Bihar MLC Election: विधान परिषद के इन सीटों पर बीजेपी का दावा

बिहार विधान परिषद के चुनाव के लिए राजद ने अपने 3 उम्मीदवारों का नाम पहले ही कर दिया है। इसके बाद सबकी नजर बीजेपी के उम्मीदवारों पर टिकी हुई है। इसी बीच विधान परिषद के लिए होने वाली 7 सीटों के चुनाव में भाजपा 3 सीटों पर दावा करने की तैयारी में है। कटिहार में बुधवार, 1 जून की सुबह उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद के आवास पर हुई पार्टी की चुनाव समिति की बैठक में इसको लेकर गंभीरता से विचार हुआ।

प्रदेश भाजपा बिहार विधान परिषद के 3 सीटों पर लड़ने को लेकर जदयू नेतृत्व से बातचीत करेगा। संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी से इस मुद्दे पर एक बार बात भी कर चुके है। चुनाव समिति की बैठक में पार्टी के संभावित उम्मीदवारों के नामों पर भी चर्चा हुई।

मिल रही जानकारी के अनुसार प्रदेश चुनाव समिति ने 7 सीटों के विधान परिषद चुनाव में अपने कोटे के प्रत्याशियों पर निर्णय के लिए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल, उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ और प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया को अधिकृत कर दिया।

तारकिशोर प्रसाद के कटिहार वाले आवास पर हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष के साथ प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ, उप मुख्यमंत्री रेणु देवी, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, पूर्व विधायक प्रेमरंजन पटेल विधान परिषद में उप नेता नवल किशोर यादव और पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए।

Join Telegram

Join Whatsapp

Exit mobile version