Home Bihar Bihar Weather Update: प्रदेश में बढ़ रही ठंड, पटना समेत कई जिलों...

Bihar Weather Update: प्रदेश में बढ़ रही ठंड, पटना समेत कई जिलों में गिरा न्यूनतम तापमान

छठ पूजा के खत्म होते ही बिहार में अचानक ठंड बढ़ने लगी है। राजधानी पटना समेत प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गयी है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होते ही पूरे बिहार में मौसम साफ हुआ है। साथ ही उत्तरी पछुआ हवा का प्रभाव बढ़ने से ठंड में बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक सप्ताहांत तक राज्य में ठंड का असर और बढ़ने के आसार हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक पटना के न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई है। पटना का न्यूनतम तापमान गुरुवार को 17.6 डिग्री दर्ज किया गया। इस सीजन में पहली बार इस स्तर पर तापमान नीचे आया है। वहीं राज्यभर में गया में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया, यहां न्यूनतम पारा 1.3 डिग्री की गिरावट के साथ 14.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

भागलपुर में भी 1.8 डिग्री की गिरावट के साथ न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूर्णिया में न्यूनतम पारा एक डिग्री नीचे आकर 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सारण, नवादा, शेखपुरा, अररिया, सीतामढ़ी में भी तापमान नीचे आया है।

न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ही राज्य के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान में भी आंशिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यानी कि रातें सर्द होने के साथ दिन गर्म हुए हैं। गुरुवार को पटना में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री, गया में 31.5 डिग्री, भागलपुर में 30.1 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 28.2 डिग्री और पूर्णिया में 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Join Telegram

Join Whatsapp

Exit mobile version