Home Bihar बिहार में आंधी-तूफान से हुई कई लोगों की मौत, सीएम ने किया...

बिहार में आंधी-तूफान से हुई कई लोगों की मौत, सीएम ने किया राहत राशि का ऐलान

बिहार में भीषण गर्मी के बाद मौसम में बदलाव आ रहा है। इसी बीच बिहार के कई जिलों में आई आंधी और बिजली ने जमकर तबाही मचाई है। बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली के कारण प्रदेश के 16 जिलों में अब तक 33 लोगों की मौत हो गई है। इन घटनाओं से हुई लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने शोक व्यक्त किया है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने अनुदान राशि की घोषणा की है।

प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर ट्वीट करते हुए लिखा, “बिहार के कई जिलों में आंधी एवं बिजली गिरने की घटनाओं में कई लोगों की मृत्यु से अत्यंत दुख हुआ है। ईश्वर शोक-संतप्त परिवारों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति दे। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य में तत्परता से जुटा है।”

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्विटर का सहारा लेते हुए लिखा, “राज्य के 16 जिलों में आंधी एवं वज्रपात से 33 लोगों की मृत्यु दुःखद। मृतकों के आश्रितों को तत्काल 4-4 लाख रु० अनुग्रह अनुदान देने तथा आंधी एवं वज्रपात से हुई गृह क्षति एवं फसल क्षति का आकलन कर प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द सहायता राशि उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया। लोगों से अपील है कि खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें। वज्रपात से बचाव के लिए आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी किए गए सुझावों का अनुपालन करें। खराब मौसम में घर में रहें और सुरक्षित रहें।”

इस आंधी और वज्रपात से भागलपुर में 7 लोग, मुजफ्फरपुर में 6 लोग, सारण और लखीसराय में 3 लोग, मुंगेर और समस्तीपुर में 2-2, जहानाबाद, खगड़िया, नालंदा, पूर्णिया, बांका, बेगूसराय, अररिया, जमुई, कटिहार और दरभंगा में 1-1 व्यक्ति की मौत हुई है।

Join Telegram

Join Whatsapp

Exit mobile version