माणिक साहा (Manik Saha) के त्रिपुरा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के एक दिन बाद आज 11 विधायकों ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। भाजपा (BJP) के नौ और इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (IPFT) पार्टी के दो विधायकों ने त्रिपुरा के कैबिनेट मंत्रियों के रूप में शपथ ली। राज्यपाल एसएन आर्य (SN Arya) ने राजभवन में आयोजित एक कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्रियों को पद की शपथ दिलायी।
जिष्णु देव वर्मा, एनसी देबबर्मा (IPFT), रतन लाल नाथ, प्रणजीत सिंह रॉय, मनोज कांति देब, संताना चकमा, राम प्रसाद पॉल, भगवान दास, सुशांत चौधरी, रामपाड़ा जमातिया और प्रेम कुमार रियांग (IPFT) ने ने राज्य के कैबिनेट मंत्रियों के रूप में शपथ ली। साहा ने रविवार को त्रिपुरा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
IPFT के मेवार कुमार जमातिया (Mevar Kumar Jamatia) को छोड़कर बिप्लब कुमार देब कैबिनेट के सभी मंत्रियों को नए कैबिनेट में जगह दी गई है। पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब (Biplab Kumar Deb), जिनके एक दिन पहले अचानक इस्तीफा देने से साहा को शीर्ष पद मिला था, इस समारोह में भाजपा विधायकों और राज्य के मंत्रियों के साथ उपस्थित थे। बिप्लब कुमार देब सरकार में आदिवासी कल्याण मंत्री जमातिया और इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा के सुप्रीमो एनसी देबबर्मा के बीच हाल ही में दरार सामने आई थी।
