Home Others बिहार: भोजपुर में 3000 फर्जी किसानों ने लिया पीएम किसान योजना का...

बिहार: भोजपुर में 3000 फर्जी किसानों ने लिया पीएम किसान योजना का लाभ, अब वसूली करेगी सरकार

kisan-samman-nidhi

PM Kisan Samman Yojana News: बिहार के भोजपुर जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है. जिले में 3 हजार अपात्र लोगों ने ले लिया इस योजना का लाभ.

भोजपुर. बिहार के भोजपुर जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना (PM Kisan Samman Yojana) में बड़ा फर्जीवाड़ा (Fraud) सामने आया है. जिले में इस योजना के अंतर्गत 1 लाख 71 हजार 743 किसान लाभार्थी हैं. इनमें से 3000 ऐसे फर्जी किसानों को चिह्नित किया गया है, जो पात्र नहीं होने के बाद भी योजना के तहत पैसे ले रहे थे. इन किसानों की सूची तैयार कर ली गई है. साथ ही इनसे वसूली कर भारत सरकार को पैसे लौटाने के निर्देश भी दिए गए हैं. बताया जा रहा है कि भोजपुर जिले में लाखों रुपए का इनकम टैक्स देने वाले व्यापारी और अन्य रोजगार से जुड़े व्यक्ति किसान बनकर इस योजना का लाभ ले रहे थे.

आयकर विभाग ने किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े लोगों की जांच पड़ताल की, जिसमें 3000 ऐसे लोग मिले, जो अपात्र होने के बाद भी योजना का लाभ ले रहे थे. बताया जा रहा है कि फर्जी किसानों के इनकम टैक्स रिटर्न की जांच पड़ताल के बाद भारत सरकार के कृषि विभाग ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में फर्जीवाड़े का खुलासा किया है.

लाभ के लिए बन गए फर्जी किसान

मिली जानकारी के मुताबिक केन्द्र सरकार के कृषि विभाग ने मामले में खुलासा किया. इसके बाद भोजपुर जिले के ऐसे 3000 किसानों से राशि वसूली करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. फर्जी किसानों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के तहत 12 हजार और 6000 रुपए तक का लाभ लिया है, जिन्हें भारत सरकार के कृषि विभाग के सख्ती के बाद राशि लौटानी पड़ेगी. सूचना के बाद भी राशि नहीं लौटाने वालों के खिलाफ कृषि विभाग एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई कर सकता है.

राशि जल्द रिकवर करने के निर्देश

एनबीटी.कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले में भोजपुर जिला कृषि पदाधिकारी मनोज कुमार ने कहा है कि आयकर विभाग की जांच में फर्जी किसानों के फर्जीवाड़े की जानकारी मिली है. गलत तरीके से किसान बनकर जिन लोगों ने इस योजना में पैसे लिए हैं, उनसे राशि लौटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही उसे रिकवर किया जाएगा.

Exit mobile version