Home State सीएम नीतीश ने दिया निर्देश, गांवों में संक्रमण की जांच बढ़ेगी, होम...

सीएम नीतीश ने दिया निर्देश, गांवों में संक्रमण की जांच बढ़ेगी, होम आइसोलेशन वाले मरीजों की पूरी खबर रखें

nitish-kumar-bihar-chief-minister

गांवों में कोरोना संक्रमण की जांच बढ़ाई जाएगी। इसको लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पदाधिकारियों को निर्देश जारी किया है। उन्होंने कहा  कि कोरोना जांच की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठायें। मुख्यमंत्री ने शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से 10 जिलों के कोविड डेडिकेटेड हेल्थ सेंटर तथा नौ कोविड डेडिकेटेड अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं का विस्तार से जायजा लिया। साथ ही मरीजों से भी बातचीत कर उनका फीडबैक लिया और पदाधिकारियों को कई निर्देश दिए। 

सीएम ने कहा कि आप सभी लोगों द्वारा सेंटरों पर की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। आपलोगों ने मरीजों के परिजनों से बात करायी, मरीजों की स्थिति भी बतायी। संक्रमितों की संख्या अब कम होने लगी है। मरीजों की हर सुविधा का ख्याल जा रहा है। उनके इलाज के लिये सभी जरूरी इंतजाम किये गये हैं। लॉकडाउन से संक्रमण के फैलाव रोकने में मदद मिली है। कोरोना संक्रमण के खिलाफ सभी लोगों को सचेत रहना है, एकजुटता से जिम्मेदारी का निर्वहन करना है, इसमें किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाए। सभी मनोयोग से काम करेंगे तो लोगों का भरोसा और बढ़ेगा।

होम आइसोलेशन वाले मरीजों की पूरी खबर रखें


मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह भी निर्देश दिया कि होम आइसोलेशन वाले मरीजों की भी पूरी खबर रखें। होम विजिट करते रहें, ताकि मरीजों का उनके घर पर बेहतर इलाज हो सके। कोविड अस्पतालों में मरीजों एवं उनके परिजनों की हर सुविधा का ख्याल रखें। कम्युनिटी किचेन के माध्यम से परिजनों को ससमय भोजन उपलब्ध कराते रहें। उन्होंने कहा कि सबको सकारात्मकता एवं एकजुटता के साथ काम करना है। चिकित्सक, नर्स एवं अन्य चिकित्साकर्मी सेंटर पर हमेशा उपलब्ध रहें। मरीजों के पास उनका लगातार विजिट हो ताकि बेहतर इलाज होने के साथ-साथ उनका मनोबल भी बना रहे। मरीजों की हर सुविधा का ख्याल रखें, सरकार की तरफ से संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। 

Exit mobile version