पिछले एक पखवारे से झमाझम बारिश के बाद अब सूबे में बारिश का सिलसिला पहले की अपेक्षा थोड़ा थम जाएगा। हालांकि सूबे के पूर्वी भाग में कुछ जगहों पर बारिश की स्थिति अभी बनी रहेगी। हिमालय की तलहटी से सटे जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश की स्थिति बरकरार रहेगी लेकिन शेष भाग में उमस और तापमान में बढ़ोतरी देखी जाएगी।
समय पूर्व मानसून के आगमन और इसकी सक्रियता बने रहने की वजह से अबतक सूबे में सामान्य से काफी ज्यादा बारिश हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अभी वायुमंडल के नीचले स्तर पर नमी की मात्रा बढ़ी हुई है। अधिक नमी और तापमान बढ़ने से पसीने वाली गर्मी की स्थिति अगले कुछ दिनों तक रहेगी। हालांकि तापमान में अधिक बढ़ोतरी होने पर गरज के साथ हल्की बारिश की स्थिति भी बन सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसान चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तर पश्चिम बिहार और उससे सटे पूर्वी उत्तरप्रदेश से शिफ्ट होकर दक्षिण पश्चिम बिहार और इससे सटे दक्षिण पूर्वी उत्तरप्रदेश की ओर फैला हुआ है। इस चक्रवाती परिसंचरण से दक्षिण पश्चिम बिहार होकर झारखंड और छतीसगढ़ से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से हिमालय की तराई के इलाके और पूर्वी बिहार में बारिश के आसार बने हैं। पिछले 24 घंटों में इसके प्रभाव से गौनाहा में 60 मिमी, कमतौल, पूसा और जाले में 50 मिमी, जयनगर और बेनिबाद, टिकारी, शेरघाटी और रफीगंज में 30 मिमी बारिश दर्ज की गई।
पटना में 13 मिमी से अधिक बारिश
बुधवार को पटना में सुबह से ही सूरज की बादलों से लुकाछिपी जारी रही। दोपहर में अचानक मौसम में बदलाव आया और पटना समेत लगभग 12 जिलों में बारिश दर्ज की गई। पटना में बुधवार को 13.8 मिमी बारिश हुई। मोकामा की ओर बारिश की तीव्रता अधिक रही। इसके अलावा पश्चिम चंपारण, लखीसराय, खगड़िया, मुंगेर, नालंदा, भोजपुर, पूर्वी चंपारण और शिवहर के कुछ भाग में बारिश हुई। दोपहर में वैशाली में भी झमाझम बारिश हुई। इस दौरान हवा की गति 20 से 30 किमी प्रतिघंटे की रही। गुरुवार को भी पटना व इसके आसपास के जिलों में एक दो जगहों पर गरज के साथ बारिश की स्थिति बन सकती है।
ऐसा रहा प्रमुख शहरों का पारा
शहर अधिकतम न्यूनतम
पटना 35 25
गया 34.3 24
भागलपुर 34.8 27
पूर्णिया 34.2 26.8