Home Bihar सारण जहरीली शराबकांड: जहरीली शराब पीने से अब तक 7 लोगों की...

सारण जहरीली शराबकांड: जहरीली शराब पीने से अब तक 7 लोगों की मौत, दो अस्पताल में भर्ती

बीते शुक्रवार को बिहार के सारण जिले में जहरीली शराब के सेवन से 4 लोगों की मौत हो गयी थी। और प्रशासन द्वारा यह बात भी कही गयी थी कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है और ऐसा ही हुआ है। बिहार के सारण जिले में जहरीली शराब पीने से अब तक 7 लोगों की मौत हो गयी है। बिहार में जहरीली शराब से मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सारण जिले में संदिग्ध हालत में मौतों का आंकड़ा बढ़कर 7 हो गया है।

वहीं, दो अन्य लोगों का छपरा सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि सभी की शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ गई थी। मृतकों में छह लोग मढ़ौरा थाना इलाके के भुआलपुर गांव के थे। वहीं, एक शख्स गुड़खा का रहने वाला था। मालूम हो कि आरजेडी विधायक जीतेंद्र कुमार राय का पैतृक गाँव है भुआलपुर।

बता दें कि स्थानीय एसडीओ योगेंद्र कुमार और डीएसपी इंद्रजीत बैठा ने बताया है कि जब तक मरे लोगों के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक मौत के सही कारणों का पता नहीं चल पाएगा। सभी मृतकों की उम्र 35 से लेकर 60 साल थी।

जहरीली शराब से मौतों का सिलसिला सबसे पहले गुड़खा थाना इलाके के औधा गांव के रहने वाले मोहम्मद अलाउद्दीन खान से शुरू हुआ। जब उनकी गुरुवार देर शाम मौत हो गयी। इसके बाद में भुआलपुर से कामेश्वर महतो, रामजीवन, रोहित सिंह, लाल बाबू शाह और जयनाथ सिंह की मौत हो गई। इसके बाद गंभीर हालत में छपरा अस्पताल में भर्ती कराए गए हीरा राय ने शुक्रवार देर शाम दम तोड़ दिया। स्थानीय सूत्रों की मानें तो रामनाथ महतो और शंकर राय नाम के दो शख्स का सदर अस्पताल और एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Join Telegram

Join Whatsapp

Exit mobile version